लगातार बारिश से खूंटी में जनजीवन प्रभावित,रौद्र रूप में दिखे जलप्रपात

खूंटी, 18 अगस्त । खूंटी जिले में सोमवार रात से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को भी दिनभर रुक-रुककर बारिश जारी रहने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलजमाव होने से आवागमन प्रभावित हुआ, जबकि निचले इलाकों में पानी जमा हो गया।

लगातार बारिश का असर सड़कों और बाजारों में भी दिखा। सामान्य दिनों की तुलना में मंगलवार को सड़कों पर लोगों और वाहनों की आवाजाही कम रही। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची सड़कों और रास्तों पर कीचड़ होने से आवागमन मुश्किल हो गया। कई जगह छोटे-बड़े नाले भी उफान पर आ गए।

हालांकि लगातार बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी है। किसानों ने बताया कि धान समेत अन्य खरीफ फसलों के लिए बारिश लाभदायक है। खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से फसलों की अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ी है। सिंचाई को लेकर चिंतित किसानों को भी बारिश से राहत मिली है। हालांकि अत्यधिक बारिश होने पर खेतों में जलभराव से फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।

इधर, लगातार बारिश के कारण जिले के जलप्रपातों में पानी का बहाव तेज हो गया है। पेरवाघाघ, पंचघाघ और दशम फॉल समेत अन्य जलप्रपातों का नजारा आकर्षक हो गया है। जानकारों का कहना है कि तेज जलप्रवाह को देखते हुए जलप्रपातों के आसपास सुरक्षा के लिहाज से विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

———–