धनबाद, 20 अगस्त । उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने गुरुवार को होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों की चल रही मेडिकल जांच और मूल प्रमाण पत्रों के सत्यापन कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया।
सत्यापन कार्य को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने चार टीमों का गठन किया है। वहीं अभ्यर्थियों की शारीरिक और चिकित्सकीय जांच के लिए अलग मेडिकल टीम तैनात की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को सत्यापन के लिए स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। उन्हें अपने शैक्षणिक, तकनीकी और आवासीय प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां तथा स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लानी होंगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने अथवा किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिस तरह होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया, उसी तरह मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ पूरी की जाएगी, ताकि अंतिम चयन में केवल योग्य अभ्यर्थियों को ही अवसर मिले।
————-