ड्यूटी से गायब शिक्षक समेत सात कर्मियों पर कार्रवाई, नोटिस जारी

हमीरपुर, 21 अगस्त । उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश परं जनपद में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष निरीक्षण अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। सीडीओ के पर्यवेक्षण में विगत एक सप्ताह से जनपद, विकासखंड एवं तहसील स्तर के अधिकारियों की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

शुक्रवार काे विभिन्न अधिकारियों की टीमों ने 35 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा 51 आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति, पोषण संबंधी सेवाओं तथा केंद्रों के संचालन की स्थिति की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दाे अध्यापक, दाे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा तीन सहायिकाएं, कुल सात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

सीडीओ अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार को शाम बताया कि अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं तथा संबंधित विभागों के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं आवश्यक सेवाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।