रायसेन: केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने सांदीपनि विद्यालय भवन का किया लोकार्पण

रायसेन, 24 अगस्त । केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को मध्य प्रदेश के रायसेन में शासकीय सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशाला में जाकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा शिक्षकों से अध्यापन संबंधी जानकारी ली।

इस दौरान सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, पूर्व केबीनेट मंत्री रामपाल सिंह तथा राकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी साथ रहे।

इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि आज रायसेन को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली है। सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से बेहतर हों, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले! इसके लिए सांदीपनि विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं। सांदीपनि स्कूल का भवन 40 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बना है, जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं स्मार्ट क्लास रूम, लाइब्रेरी, प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं, पेंटिंग, संगीत सहित विभिन्न विधाओं में शिक्षा दी जा रही है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें तथा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि वे विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। सांदीपनि विद्यालयों में बच्चों को आधुनिक और तकनीकी रूप से शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों में बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। बच्चों को आवागमन में परेशानी ना हो, इसके लिए बसों का संचालन भी किया जा रहा है। विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि रायसेन के साथ ही सांची और गैरतगंज में भी सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं। इनके अतिरिक्त पीएमश्री विद्यालय भी क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को आधुनिक और तकनीकी रूप से शिक्षा प्रदान की जा रही है जिससे बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा। विधायक डॉ चौधरी ने क्षेत्र में किए गए विभिन्न विकास कार्यो का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र की एमपी बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप भी वितरित किए गए। इस अवसर पर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी तथा अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।