कोरबा, 29 अगस्त (हि. स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज कोरबा-दर्री मुख्य मार्ग स्थित मेजर ध्यानचंद चौक पर खेल दिवस समारोह का आयोजन किया गया। नगर पालिक निगम कोरबा एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद के देशप्रेम, खेल प्रतिभा और भारतीय खेल जगत में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मेजर ध्यानचंद के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए खेलों को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बालको में हॉकी तथा प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम में फुटबॉल और वॉलीबाल खिलाड़ियों के बीच मैत्री मैच का आयोजन भी किया गया। इन मुकाबलों के माध्यम से खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और खेल संघों के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कोरबा जिले का नाम खेल के क्षेत्र में रोशन करने वाले खिलाड़ियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों को जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ताइक्वांडो, ब्रशू, हॉकी, बॉक्सिंग, वॉलीबाल, तैराकी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, सदस्य और खिलाड़ी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य फिरतराम साहू, पार्षद जनक सिंह राजपूत, मुकुंद सिंह कंवर, राधा महंत, सीमा कंवर, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सुरेश क्रिस्टोफर, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, दर्री प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, सुशील गर्ग, किक बॉक्सिंग के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा, मनोज यादव, निगम अपर आयुक्त पवन वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी आरके पाण्डेय, खेल अधिकारी रामकृपाल साहू, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सियाराम बंजारे, अजीत शर्मा, अशोक सक्सेना, केआर टंडन, श्रीराम पाण्डेय, हॉकी प्रशिक्षक गोपालदास महंत और धनराज निर्मलकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के इस आयोजन ने कोरबा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने का संदेश दिया।