त्योहार और चुनाव को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट: मंदिरों के आसपास रूट डायवर्जन और पार्किंग की होगी व्यवस्था

जयपुर, 29 अगस्त । आगामी जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी और नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा ने शनिवार को यातायात अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रमुख मंदिरों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने पर चर्चा हुई। गोविंददेवजी मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, इस्कॉन और अक्षरधाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और अस्थायी पार्किंग जोन बनाए जाएंगे।

नगरीय निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान भी यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने नामांकन के लिए आने वाले लोगों से अपील की है कि वे सीमित संख्या में वाहनों के साथ आएं और कलेक्ट्रेट के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी से बचाया जा सकेगा।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी यातायात जाम की सूचना मिलने पर क्रेन और अतिरिक्त यातायात पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा जाए। प्रमुख चौराहों और बाजारों के साथ आयोजन स्थलों पर भी अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया जाएगा।

शर्मा ने सभी यातायात अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहारों एवं चुनाव के दौरान मुस्तैदी से ड्यूटी करने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने के निर्देश दिए।