एसपीयू पुरुष, महिला एवं युवा वर्ग में सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय सम्मानित

मंडी, 01 सितंबर । एसपीयू में पुरुष, महिला एवं युवा वर्ग में रहे सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय समारोह में विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महाविद्यालयों को समग्र विजेता के रूप में सम्मानित किया गया। जिसमें पुरुष वर्ग में समग्र विजेता के रूप में वल्लभ कालेज मंडी, महिला वर्ग में एमएलएसएम महाविद्यालय, सुंदरनगर और युवा वर्ग में समग्र विजेता के रूप में राजकीय महाविद्यालय, कुल्लू को सम्मानित किया गया। वहीं पर अंतर-महाविद्यालय एवं अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा। जबकि सत्र 2025-26 के दौरान सरदार पटेल विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता में 57 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में सुश्री शिल्पा देवी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

वहीं उत्तर क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में सरदार पटेल विश्वविद्यालय की महिला हैंडबॉल टीम ने रजत पदक प्राप्त किया। टीम में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू, एमएलएसएम महाविद्यालय सुन्दरनगर, राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सुंदरनगर, सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी तथा वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की खिलाड़ी शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल विश्वविद्यालय खेल समिति का वार्षिक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें वर्ष भर की खेल गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण रखा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों एवं प्रबंधकों का भी अभिनंदन किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 01 एवं 02 सितंबर को किया जा रहा है।