उदयपुर नगर निगम — कांग्रेस के 4 और भाजपा का 1 बागी मैदान में

उदयपुर, 01 सितंबर । नगर निगम चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस और भाजपा में बगावत के स्वर सामने आए हैं। कांग्रेस के चार दावेदारों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है, जबकि भाजपा में भी एक बागी प्रत्याशी मैदान में उतर गया है। अब दोनों दलों ने बागियों को मनाने और चुनावी नुकसान रोकने की कवायद शुरू कर दी है।

कांग्रेस में वार्ड 54 से दावेदार देवेंद्र माली ने निर्दलीय नामांकन भरा है। कांग्रेस ने यहां अमित श्रीवास्तव को प्रत्याशी बनाया है। माली ने पार्टी के फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं और अब पीछे हटने का उनका इरादा नहीं है।

इसी तरह वार्ड 66 में पूर्व कांग्रेस पार्षद संजय भगतानी निर्दलीय मैदान में हैं। कांग्रेस ने यहां सत्येंद्र चौधरी को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। वार्ड 71 में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े मांगीलाल सुथार ने निर्दलीय नामांकन भरा है, जबकि पार्टी ने रामचंद टेलर को टिकट दिया है। वहीं वार्ड 51 में रवींद्र पाल कप्पू के बेटे आयुष अरोड़ा ने निर्दलीय पर्चा दाखिल किया है। यहां कांग्रेस ने गजेंद्र सिंह शक्तावत को प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा में वार्ड 60 से पूर्व पार्षद कमल मेहता ने अपनी पत्नी खुशबू मेहता को निर्दलीय चुनाव मैदान में उतारा है। मेहता ने पत्नी के लिए भाजपा से टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने सुषमा राणावत को प्रत्याशी बनाया। यह वार्ड उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा के इलाके में आता है।

अब दोनों दल बागियों को साधने में जुट गए हैं। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और पार्टी प्रभारी बागियों से बातचीत करेंगे। कांग्रेस शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ के अनुसार वरिष्ठ नेताओं को भी नाराज दावेदारों को मनाने की जिम्मेदारी दी गई है।