प्याज भेजने का झांसा देकर 6.42 लाख की ठगी, साइबर टीम ने पूरी रकम कराई वापस

मीरजापुर, 03 सितंबर । प्याज की खरीद-फरोख्त के नाम पर 6.42 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में अहरौरा पुलिस की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की पूरी धनराशि वापस करा दी। खाते में रकम वापस आने के बाद पीड़ित ने गुरूवार को पुलिस टीम का आभार जताया।

अहरौरा थाना क्षेत्र के कोइरान बाजार निवासी विनोद कुमार पुत्र राममूरत ने 27 अगस्त 2026 को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि फोन पर एक सब्जी व्यापारी से प्याज के लेनदेन को लेकर बातचीत हुई थी। व्यापारी ने विश्वास में लेते हुए बताया कि उसका प्याज ट्रक से भेज दिया गया है। इसके बाद विनोद कुमार ने व्यापारी के खाते में 6,42,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

रकम भेजने के कुछ समय बाद जब प्याज नहीं पहुंचा तो पीड़ित ने व्यापारी से फोन पर संपर्क किया। रुपये वापस मांगने पर वह लगातार बहाने बनाने लगा और रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी जांच और संबंधित स्तर पर कार्रवाई के बाद टीम ने पीड़ित के खाते में ठगी की पूरी धनराशि 6,42,000 रुपये वापस करा दी।

रकम वापस मिलने पर विनोद कुमार थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों व साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस टीम ने उन्हें साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी और अन्य लोगों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक करने की अपील की।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अहरौरा अजय मिश्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल महिमा उपाध्याय और रिजर्व कांस्टेबल अंकित अवस्थी शामिल रहे।