भोंपू प्रचार के अंतिम दिन धुआंधार जनसंपर्क, चुनावी रंग में रंगा शहर

जोधपुर, 09 सितम्बर । नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन बुधवार को पूरा शहर चुनावी रंग में रंगा नजर आया। भोंपू प्रचार की समय सीमा समाप्त होने से पहले प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंकते हुए धुआंधार जनसंपर्क किया। अधिकांश वार्डों में प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियां निकाली गईं, जिससे शहर की गलियों में चुनावी सरगर्मी चरम पर रही।

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर मतदाताओं से संवाद किया और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने वार्डों में रैलियां निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और मतदाताओं से समर्थन मांगा। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो एवं सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी अपने प्रत्याशियों के समर्थन में रैली और सभाओं के माध्यम से प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने पैदल मार्च, वाहन रैली और चुनावी सभाओं के माध्यम से मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। प्रचार अभियान के दौरान शेखावत ने उम्मेद चौक, अजय चौक और बागर चौक क्षेत्र में पैदल मार्च कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और आमजन ने उनका साफा पहनाकर एवं फूल मालाओं से स्वागत-अभिनंदन किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री रातानाडा की सांसी बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा वार्ड संख्या 76 की प्रत्याशी मानशी पोपावत के समर्थन में आयोजित रैली में हिस्सा लिया। इसके बाद शेखावत नागोरी गेट होते हुए अजय चौक, माली नागोरिया बास, उम्मेद चौक और बागर चौक क्षेत्रों में पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा की वार्ड संख्या 85 से प्रत्याशी गीता रणजीत निर्वाण के समर्थन में पैदल मार्च कर जनसमर्थन मांगा। वहीं, वार्ड संख्या 56 से भाजपा प्रत्याशी भावना बूब ने अपने वार्ड में वाहन रैली निकालकर चुनाव प्रचार किया। इसके बाद वे अजीत कॉलोनी स्थित केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के निवास पहुंचीं। यहां शेखावत ने भावना बूब का शाल ओढ़ाकर एवं साफा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया और चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं।

जोधपुर में नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत माता का थान, मगरा पूंजला और नया पुरा होते हुए चैनपुरा पहुंचे। इसी दौरान रास्ते में उनका सामना राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो एवं सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले से हो गया।

दोनों नेताओं के काफिले आमने-सामने आने पर हनुमान बेनीवाल अपने वाहन से नीचे उतरे। उन्हें देखकर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी वाहन से नीचे उतरे और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से गर्मजोशी से मुलाकात करते हुए गले मिलकर अभिवादन किया। इस दौरान शेखावत और बेनीवाल के बीच कुछ देर सौहार्दपूर्ण बातचीत भी हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और इसके बाद अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।