भोपाल, 15 सितम्बर । मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विगत 15 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 54 चोरी किये गये वाहन जिनमें ट्रैक्टर, पिकअप, मोटरसाइकिल, ट्रक आदि वाहन शामिल है बरामद किए हैं। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस मुख्यालय से मिली है।
नरसिंहपुर
जानकारी के अनुसार, थाना स्टेशनगंज पुलिस ने 02 शातिर मोटरसाइकिल चोरों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें 07 मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों के कब्जे से अनुमानित 7 लाख रुपये कीमत की 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
खरगोन
पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह के 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख मूल्य की 08 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। आरोपी खरगोन एवं धार जिले में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। एक अन्य कार्रवाई में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1 लाख 50 हजार मूल्य की 03 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद।
ग्वालियर
थाना पनिहार पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की। थाना कम्पू पुलिस ने वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं थाना भितरवार पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर तथा चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले 03 विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर उनकी निशानदेही पर 06 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। कुल 08 वाहन बरामद किये गये।
सीहोर
थाना आष्टा पुलिस ने सोशल मीडिया पर मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का ऑटो आरोपी सहित 01 घंटे में बरामद किया, जिसकी कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये है। थाना भेरूंदा पुलिस ने बस स्टैंड नसरुल्लागंज से चोरी हुई 1 लाख 57 हजार कीमत की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं थाना रेहटी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की 03 वारदातों का खुलासा करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 03 मोटरसाइकिलें, कुल कीमत करीब 1 लाख 05 हजार रुपये, बरामद कीं। इस प्रकार कुल 05 वाहन बरामद किये गये।
शिवपुरी
थाना अमोला पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की 03 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं थाना फिजीकल पुलिस ने चोरी के प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की 01 मोटरसाइकिल बरामद की। कुल 04 मोटरसाइकिलें बरामद।
इसी प्रकार उज्जैन पुलिस ने 03 वाहन, हरदा ने मारुति वैगनआर कार, गुना पुलिस ने चोरी का 01 ट्रैक्टर, बुरहानपुर पुलिस ने 01 पिकअप, सतना पुलिस ने 02 मोटरसाइकिलें, विदिशा पुलिस ने 02 वाहन, कटनी पुलिस ने 01 पिकअप, मुरैना पुलिस ने 01 क्रेटा कार, झाबुआ पुलिस ने 01 मोटरसाइकिल, भिंड पुलिस ने 01 ट्रक, छतरपुर पुलिस ने 01 मोटरसाइकिल बरामद की है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम, चोरी गए वाहनों की बरामदगी एवं वाहन चोरों की धरपकड़ के लिए लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र के प्रभावी उपयोग से चोरी के मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। प्रदेश में वाहन चोरी के विरुद्ध यह प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।