गुरुग्राम, 20 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक दायित्वों का विस्तार करते हुए गुरुग्राम जिला सोशल मीडिया प्रमुख हिना शुक्ला को भाजपा हरियाणा प्रदेश सोशल मीडिया सह-संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
जिला स्तर पर सोशल मीडिया से जुड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुकीं हिना शुक्ला को अब प्रदेश स्तर पर पार्टी की डिजिटल एवं सोशल मीडिया का दायित्व मिला है। उनकी नियुक्ति पर गुरुग्राम भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सोशल मीडिया टीम के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। हिना शुक्ला ने भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी तथा संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। हिना शुक्ला ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया संगठन और समाज के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। प्रदेश स्तर पर पार्टी की गतिविधियों, कार्यक्रमों, संगठनात्मक संदेशों एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के लिए वे पूरी टीम के साथ मिलकर कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दी गई प्रत्येक जिम्मेदारी उनके लिए सेवा का अवसर है और वे पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक कार्यों को डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगी।