आइची-नगोया, 22 सितंबर । भारतीय कराटे खिलाड़ी चेतन भट्ट एशियाई खेल 2026 में पुरुषों के 84 किग्रा कुमिते वर्ग में कांस्य पदक जीतने से चूक गए। मंगलवार को कांस्य पदक मुकाबले में चेतन का सामना चीनी ताइपे के मेंग-यू चू से हुआ। मुकाबला 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने सेंशू के आधार पर जीत दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इससे पहले चेतन को पुरुषों के 84 किग्रा कुमिते वर्ग के सेमीफाइनल में जॉर्डन के मोहम्मद अल-जाफरी के खिलाफ 0-8 से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय खिलाड़ी सेमीफाइनल मुकाबले में ज्यादा अंक हासिल नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक के लिए मुकाबला करना पड़ा।
तैराकी में आर्यन नेहरा फाइनल बी में चौथे स्थान पर
तैराकी में आर्यन नेहरा पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल बी में चौथे स्थान पर रहे। हालांकि, फाइनल बी में अपेक्षाकृत धीमे तैराक शामिल थे और इसका पदक मुकाबले पर कोई असर नहीं पड़ा।
सॉफ्ट टेनिस में जय मीना की पाकिस्तान पर जीत
सॉफ्ट टेनिस में भारत के जय मीना ने पुरुष एकल ग्रुप डी मुकाबले में पाकिस्तान के हुसैन अरैन को 4-0 से हराया। जय ने 4-2, 4-0, 4-2, 4-0 के स्कोर से मुकाबला अपने नाम किया।
महिला एकल ग्रुप डी में आध्या तिवारी को थाईलैंड की एलिशा ज़िगलर के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। आध्या ने मुकाबले में 4-1, 0-4, 0-4, 2-4, 4-6 के स्कोर के साथ शुरुआत की, लेकिन लगातार चार गेम गंवाने के बाद मुकाबला हाथ से निकल गया।
ग्रुप की शीर्ष टीमों को क्वार्टर फाइनल में जगह मिलेगी। ऐसे में आध्या को अगले मुकाबले में पाकिस्तान की कैनात शालवानी को हराने के साथ ही उम्मीद करनी होगी कि पाकिस्तानी खिलाड़ी ज़िगलर को भी हरा दे, तभी उनके अंतिम आठ में पहुंचने की संभावना बनेगी।
सेपकटकरा में भारत को मलेशिया से मिली हार
सेपकटकरा के पुरुष टीम रेगु ग्रुप बी में भारत को मलेशिया के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने दोनों गेम 9-15, 12-15 से गंवाए। इससे पहले भारतीय टीम को सोमवार को जापान के खिलाफ भी ग्रुप बी मुकाबले में 1-2 से हार मिली थी।
भारत का ग्रुप चरण में एक मुकाबला अभी बाकी है, जिसमें बुधवार को उसका सामना फिलीपींस से होगा।