मथुरा, 27 सितम्बर। जिलेे की एक महिला बैंक कर्मी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अभद्र संदेश भेजने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के निष्कासित पूर्व सपा नेता सैयद राजन अहमद रिजवी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को अलीगढ़ जनपद के थाना क्वारसी क्षेत्र अंतर्गत धौर्रा माफी इलाके में रिश्तेदार के यहां रह रहा था, जहां से उसे पकड़ा गया है।
पुलिस जांच और पीड़ित की शिकायत के अनुसार, आरोपित राजन रिजवी की महिला बैंककर्मी से मॉर्निंग वॉक के दौरान मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरोपित का रवैया बदल गया और उसने महिला के दफ्तर के चक्कर लगाने शुरू कर दिए। आरोपित ने व्हाट्सएप पर चैटिंग के जरिए महिला को परेशान करना और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पीड़ित महिला और उनके पति (जो खुद एक सरकारी मुलाजिम हैं) ने पूरे मामले की शिकायत सीओ सिटी से की। महिला की लिखित शिकायत पर थाना कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीमें गठित कर जांच तेज कर दी थी।
रविवार को सूचना पर कोतवाली पुलिस और स्वाॅट टीम ने संयुक्त दबिश देकर आरोपित राजन रिजवी को अलीगढ़ से धर दबोचा। वह मूल रूप से अंबेडकर सौख रोड (थाना कोतवाली) का रहने वाला आरोपी वर्तमान में सदर बाजार क्षेत्र में रह रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
गौरतलब है कि इस मामले के तूल पकड़ने के बाद समाजवादी पार्टी ने आरोपी राजन रिजवी को पहले ही पार्टी से निष्कासित कर दिया था, साथ ही जिस संस्थान में वह कार्य करता था। वहां से भी उसे आवास खाली करने का नोटिस दिया जा चुका है।
आरोपित ने महिला की सुंदरता और पर्सनैलिटी की तारीफ करने की आड़ में अपनी राजनीतिक पहुंच का रौब दिखाना शुरू किया। हद तो तब हो गई जब उसने महिला को मैसेज भेजकर लिखा… नमस्ते मैडम, अगर मेरे शब्दों से आपका दिल दुखा है तो आपसे मैं माफी मांगता हूं। सपा की सरकार बनती है, तो मैं आपको मुख्यमंत्री कोटे से डेपुटेशन के आधार पर आईएएस बनवाने की कोशिश करूंगा। जब महिला ने इन संदेशों और हरकतों का कड़ा विरोध किया तो आरोपित ने दोबारा चैट कर माफी मांगने का नाटक किया और अपना प्रभाव दिखाने के लिए बेतुके दावे करता रहा।————-