रांची, 29 सितंबर । झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को हरमू रोड स्थित प्रदेश राजद कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने की, जबकि मंच संचालन पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और राज्य से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्षों ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर अपनी आपत्तियां रखीं। नेताओं ने कहा कि इन विषयों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच गंभीर चिंताएं हैं। एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जुड़े मुद्दों को लेकर राजद की ओर से हाल के दिनों में रांची में विरोध प्रदर्शन भी किया गया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जरूरत पड़ने पर एमएमडीआर संशोधन विधेयक, एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए आंदोलन की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेताओं ने संबंधित मुद्दों को जनहित से जोड़ते हुए संगठन के स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
कार्यकारिणी की बैठक में राजद संगठन को पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर भी चर्चा हुई। जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्देश दिया गया। प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और लोकतांत्रिक एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, संजय प्रसाद यादव, विधायक सुरेश पासवान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, पूर्व मंत्री सह प्रधान महासचिव सत्यानंद भोक्ता, चतरा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरधारी गोप, श्याम दास सिंह, अनीता यादव, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू सहित सभी जिलों के जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।————