धनबाद, 03 अक्टूबर । धनसार स्थित विश्वकर्मा परियोजना में हुए हादसे में हॉलपैक ऑपरेटर ललन नोनिया की मौत के बाद शनिवार को मृतक के परिजनों और राष्ट्रीय कामगार यूनियन के सदस्यों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और नियोजन देने की मांग की। साथ ही परियोजना प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि दो अक्टूबर को कार्य के दौरान ललन नोनिया हॉलपैक सहित करीब 50 फीट की ऊंचाई से खदान में जा गिरे थे। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद विश्वकर्मा परियोजना में काम बंद कर दिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजन और यूनियन के सदस्य आक्रोशित हो उठे और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आश्रित को उचित मुआवजा देने के साथ तत्काल नियोजन दिया जाना चाहिए। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की भी मांग की।
इधर, हादसे की जांच के लिए डीजीएमएस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
डीजीएमएस की जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।——–