देवरिया : चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार

देवरिया, 07 अक्टूबर । बरियारपुर थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को सूचना पर बेलवनिया उपाध्याय पुल के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकार सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि बरियारपुर थाना क्षेत्र के धनौती कला निवासी श्रीराम यादव ने छह अक्टूबर को तहरीर दी थी। आरोप है कि पांच अक्टूबर की शाम करीब आठ बजे उनका बेटा देवरिया से घर लौट रहा था। जटमलपुर उर्फ अंबरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पांच-छह अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान जटमलपुर उर्फ अंबरपुर निवासी अभिषेक कुशवाहा ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।

उन्होंने बताया कि मामले में बरियारपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपिताे की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में सूचना पर पुलिस ने 22 वर्षीय अभिषेक कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दीपक सिंह, हेड कांस्टेबल ओंकार चौरसिया और कांस्टेबल संजय यादव शामिल रहे।