स्मैक के नशे की पूर्ति के लिए चुराता था बाइक: 14 मोटरसाइकिलें बरामद

जयपुर, 09 अक्टूबर । चित्रकूट थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आदतन दुपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण और अजमेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 14 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक के नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए वाहन चोरी करता था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि चित्रकूट थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आदतन दुपहिया वाहन चोर रियाज (19) निवासी दूदू जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दूदू और मौखमपुरा थानों में पहले भी मामले दर्ज हैं। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पास के एक खंडहर से 14 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करता था और मौका मिलते ही मास्टर चाबी से उन्हें चुरा लेता था। इसके बाद वह चोरी के वाहनों को सुनसान खंडहर में छिपा देता था और उनके स्पेयर पार्ट्स निकालकर बेचने का प्रयास करता था।

पुलिस के मुताबिक बरामद मोटरसाइकिलों में चित्रकूट थाना क्षेत्र की दो, करणी विहार, सेज, भांकरोटा, करधनी और नारायण विहार क्षेत्र की एक-एक बाइक शामिल है। इसके अलावा जयपुर ग्रामीण के फुलेरा क्षेत्र की दो और दूदू की एक मोटरसाइकिल तथा अजमेर जिले के गांधी नगर, किशनगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों से चोरी की गई बाइकें भी बरामद हुई हैं।