मां दंतेश्वरी र्दशन कर लाैट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पोदुम घाट में पलटी,10 घायल

दंतेवाड़ा, 12 अक्टूबर । बस्तर की अराध्य मां दंतेश्वरी मंदिर दंतेवाड़ा के दर्शन कर पर्यटन के लिए निकले श्रद्धालुओं की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब उनकी मिनी बस पोदुम घाट पर आज साेमवार काे अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 श्रद्धालुओं को चोट लगी है,जबकि अन्य यात्रियों को भी हल्की चोट आई है। घटना के बाद घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दंतेवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु बालोद जिले के रहने वाले हैं। सभी श्रद्धालु मां दंतेश्वरी के दर्शन करने के लिए दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पहुंचे थे। माता के दरबार में दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की योजना बनाई थी। इसी क्रम में वे कटेकल्याण होते हुए तीरथगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पोदुम घाट में अचानक मिनी बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

जिला अस्पताल में घायलों के उपचार को लेकर डॉ. बघेल ने बताया कि हादसे में लगभग 10 लोगों को चोटें आई हैं, सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। उनकी स्थिति का बेहतर आकलन करने के लिए सीटी स्कैन कराया जा रहा है, ताकि चोटों की गंभीरता का पता लगाकर आगे का उपचार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, जरूरत के मुताबिक सभी का इलाज हो रहा है।