जोधपुर, 15 अक्टूबर । नारकोटिक्स टीम ने 100 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से हुंडई एसेंट कार भी जब्त की। एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जोधपुर) ने ऑपरेशन कवच के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।
एनसीबी जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने बताया कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व के दौरान युवाओं को नशे की गिरफ्त में फंसाने की साजिश रची जा रही थी। त्योहारों के समय ड्रग्स की इस तरह की सप्लाई पर रोक लगाना और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाना एजेंसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गिरफ्तार आरोपियों में आरोपी सुरेंद्रनगर, गुजरात निवासी गोपाल पुत्र शैला भाई, बाड़मेर निवासी सुरेंद्र आचार्य पुत्र अशोक कुमार और बनाड़ रोड जोधपुर निवासी हनुमाना राम पुत्र भाना राम है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जोधपुर के डांगियावास इलाके से एमडी ड्रग्स की खेप खरीदते थे। इसके बाद इसे गुजरात के आणंद और सुरेंद्रनगर जिलों में खपाया जाता था। एनसीबी अब यह भी जांच कर रही है कि इन क्षेत्रों में संचालित कुछ स्पा सेंटरों और अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोग इस अवैध धंधे में शामिल हैं या नहीं।
