बलरामपुर, 17 अक्टूबर । आधार कार्ड से संबंधित त्रुटियों को दूर कराने और जरूरी अपडेट की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए जिले में आयोजित विशेष आधार शिविर का शनिवार को समापन हुआ। चिप्स के माध्यम से 14 से 16 अक्टूबर तक बलरामपुर, शंकरगढ़ और कुसमी जनपद पंचायत कार्यालयों में लगाए गए शिविरों में कुल 686 आधार सेवाओं का निराकरण किया गया। इन शिविरों के जरिए लोगों को आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ी।
तीन दिवसीय शिविर के दौरान बलरामपुर विकासखंड में 14 अक्टूबर को 415 सेवाओं का निराकरण किया गया। वहीं, 15 अक्टूबर को शंकरगढ़ में 79 और 16 अक्टूबर को कुसमी में 192 आधार सेवाएं पूरी की गईं। आंकड़ों के अनुसार, बलरामपुर में सबसे अधिक लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
शिविर में आधार कार्ड पर उपनाम बदलने या सुधारने से संबंधित 254 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जो सभी सेवाओं में सबसे अधिक रहे। इसके बाद 156 बायोमेट्रिक अपडेट और 70 जन्मतिथि सुधार के मामले निपटाए गए। नाम और वर्तनी में सुधार के 58 प्रकरणों का भी समाधान किया गया।
इसके अलावा नए आधार पंजीयन के 39, मोबाइल नंबर अपडेट के 28, जेंडर सुधार के 28 और बायोमेट्रिक मिसमैच के 22 मामलों का निराकरण किया गया। शिविर में 12 आधार रद्द करने, आठ पता परिवर्तन और सात अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट से जुड़े प्रकरण भी निपटाए गए। जिले में विकासखंड स्तर पर शिविर लगाने से ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा मिली।
