पूर्वी सिंहभूम, 24 अक्टूबर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक राजेश तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की डिस्ट्रिक्ट पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की सातवीं बैठक में उन्होंने ये बातें कहीं। बैठक जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में परिसदन के कॉन्फ्रेंस रूम में हुई।
मुख्य अतिथि राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इससे पात्र नागरिकों के मतदान के अधिकार को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की ओर से एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महारैली को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शशिभूषण राय ने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर पर विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान चौपाल, नुक्कड़ सभा और जनसंवाद के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज रहने के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने बीएलए-2 को सक्रियता से काम करने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित नहीं रहने देने की बात कही। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, डॉ. परितोष सिंह, ब्रजेंद्र तिवारी, शिवनाथ मार्डी, रियाजुद्दीन खान, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और अन्य प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
