उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खातीपुरा-बांदीकुई रेलखंड का निरीक्षण करने के साथ ही बांदीकुई-बसवा रेलखंड के मध्य कवच प्रणाली का परीक्षण भी किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक जयपुर रवि जैन सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। लगभग 24 करोड़ रुपए की लागत से किए जा रहे इन कार्यों का उद्देश्य स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार करना तथा स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं,ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
महाप्रबंधक ने खातीपुरा-बांदीकुई रेलखंड का निरीक्षण कर रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही बांदीकुई–बसवा रेलखंड के मध्य कवच प्रणाली का परीक्षण किया,जिससे रेल संरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया जा सके।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर कवच प्रणाली की स्थापना के कार्य प्रगति पर
रेलवे द्वारा सुरक्षित रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे के कुल 5561 किलोमीटर रेल मार्ग पर लगभग 2600 करोड़ रुपए की लागत से स्वदेशी टक्कररोधी कवच प्रणाली स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है। इसके अंतर्गत आधुनिक कवच 4.0 प्रणाली स्थापित की जाएगी।
कवच एक अत्याधुनिक स्वचालित रेल संरक्षा प्रणाली है, जो आवश्यकता पड़ने पर लोको पायलट को निर्धारित गति बनाए रखने तथा खतरे की स्थिति में ट्रेन को रोकने में सहायता करती है। इसके प्रभावी संचालन के लिए ट्रैक, सिग्नलिंग प्रणाली,स्टेशन उपकरण,दूरसंचार टावर और ऑप्टिकल फाइबर केबल नेटवर्क को आपस में जोड़ा जाता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर कवच प्रणाली के लिए 1586 रूट किलोमीटर में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का कार्य स्वीकृत है,जिसमें लगभग 87.35 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अतिरिक्त स्टेशन कवच के लिए टेंडर अवार्ड किया जा चुका है तथा सर्वे और ड्राइंग तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। संचार नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 253 टावरों की स्थापना के लक्ष्य के अंतर्गत 251 टावरों पर कार्य प्रगति पर है।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा स्टेशन पुनर्विकास एवं कवच प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षित, संरक्षित और विश्वसनीय रेल परिचालन सुनिश्चित करना है।
