भोपाल, 12 नवंबर । स्वच्छता के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के सागर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर नगर निगम सागर को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गुरुवार को नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मातेश्वरी निवास पहुंचकर यह पुरस्कार मंत्री एवं सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत को भेंट किया।
इस अवसर पर मंत्री राजपूत ने सागर को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि के लिए नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छताकर्मियों और शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या विभाग का नहीं, बल्कि पूरे शहर के सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी का परिणाम है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान प्राप्त करना सागर के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के परिश्रम, स्वच्छताकर्मियों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग से संभव हुई है। जब प्रशासन और जनता मिलकर किसी लक्ष्य के लिए काम करते हैं तो सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।
उन्होंने कहा कि तीसरा स्थान हासिल करना सफलता है, लेकिन अब इसी पर रुकना नहीं है। सागर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का नंबर वन शहर बनाने के लिए और अधिक मेहनत तथा सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरवासी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे तो आने वाले सर्वेक्षण में सागर बेहतर स्थान हासिल कर सकेगा।
मंत्री राजपूत ने कहा कि स्वच्छता का मतलब केवल सड़कों और गलियों की सफाई तक सीमित नहीं है। इसमें कचरे का उचित प्रबंधन, स्वच्छ वातावरण, व्यवस्थित यातायात और सार्वजनिक स्थलों का बेहतर रखरखाव भी शामिल है। शहर के प्रमुख चौराहों, उद्यानों, सड़कों, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सागर की पहचान को और बेहतर बनाने के लिए स्वच्छता के साथ शहर के समग्र सौंदर्यीकरण की दिशा में भी निरंतर काम करना होगा। प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए तो शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सकती है।
मंत्री राजपूत ने नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री सहित निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छताकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार पूरे सागर का सम्मान है। इसे हासिल करने में हर उस व्यक्ति की भूमिका है, जिसने स्वच्छता अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि जिस एकजुटता और मेहनत से सागर ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, उसी भावना के साथ आगे भी प्रयास जारी रखने होंगे। हमारा संकल्प स्वच्छ सागर, सुंदर सागर और विकसित सागर का है। अब अगला लक्ष्य देश में पहला स्थान हासिल करना होना चाहिए।
