राजस्थानी संत परम्परा और साहित्य विषयक दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 21 से

जोधपुर, 16 नवम्बर । साहित्य अकादेमी एवं माधव कॉलेज के सयुंक्त तत्वावधान में राजस्थानी संत परम्परा और साहित्य विषयक दो दिवसीय राष्ट्रीय राजस्थानी संगोष्ठी का शुभारम्भ 21 नवम्बर को सुबह 10.30 बजे बाड़मेर के स्थानीय माधव कॉलेज के सभागार में होगा।

संगोष्ठी के संयोजक रमेश सिंह राजपुरोहित ने बताया कि संगोष्ठी का उद्घाटन समारोह राजस्थानी भाषा-साहित्य के ख्यातनाम कवि-आलोचक एवं साहित्य अकादमी में राजस्थानी संयोजक प्रोफेसर डॉ. अर्जुनदेव चारण की अध्यक्षता एवं जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार शर्मा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न होगा। इस अवसर पर प्रतिष्ठित शिक्षाविद गोपालसिंह राजपुरोहित बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।

साहित्य अकादमी के उपसचिव नवीन कुमार स्वागत उदबोधन देंगे। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय राजस्थानी संगोष्ठी में राजस्थानी भाषा के प्रतिष्ठित कवि-आलोचक डॉ. गजेसिंह राजपुरोहित, मांगूसिंह राठौड़, अर्जुनसिंह उज्ज्वल, डॉ. गजादान चारण तथा मानसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित विभिन्न तकनीकी सत्रों में डॉ. गौरीशंकर निमिवाळ, महेन्द्रसिंह सिसोदिया, डॉ. जगदीश चारण, डॉ. कंवरसिंह राव, डॉ. अम्बिका, डॉ. स्वरूपसिंह भाटी, डॉ. रामरतन लटियाल, डॉ. नगेंद्र बाला, श्रवणदान चारण तथा सूर्यकरण सोनी राजस्थानी संत परम्परा एवं साहित्य पर आलोचनात्मक शोध-आलेख प्रस्तुत करेंगे।

ज्ञातव्य है कि इस अवसर पर विभिन्न तकनीकी सत्रों में संत मल्लीनाथ-रूपादेजी, ईसरा-परमेसरा, जांभोजी, सायां झूला, जसनाथजी, दादूदयालजी, मावजी महाराज के साथ ही तेरापंथी संतों के साहित्य पर शोध आलेख प्रस्तुत होंगे। संगोष्ठी का समापन समारोह 22 नवम्बर को दोपहर 3 बजे प्रतिष्ठित राजस्थानी विद्वान डॉ. मदन सैनी की अध्यक्षता एवं प्रतिष्ठित रचनाकार बंशीधर तातेड़ के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न होगा।