संसद का सामना करने की बजाय , 13 अध्यादेशों से 155 कानूनों में संशोधन किया बालेंद्र शाह सरकार ने

काठमांडू, 27 नवंबर । नेपाल में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की सरकार ने आठ महीने के अपने कार्यकाल में 13 अध्यादेशों के माध्यम से कुल 155 मौजूदा कानूनों में संशोधन किये हैं।

दिलचस्प बात यह है कि विपक्ष में रहते हुए आरएसपी के नेता संसद को दरकिनार कर अध्यादेश के जरिए कानून बनाने की तत्कालीन सरकार की कोशिशों का विरोध करते रहे थे। लेकिन सत्ता में आने के बाद आरएसपी सरकार कानून निर्माण के लिए संसद की जगह अध्यादेशों का सहारा ले रही है। यदि राष्ट्रपति कार्यालय में मंजूरी के लंबित, तीन और अध्यादेश जारी हो जाते हैं तो कुल अध्यादेशों की संख्या 16 और नये कानूनी प्रावधानों की संख्या 158 हो जाएगी।

हाल ही में सरकार ने 17 नवंबर को प्रेस काउंसिल एक्ट में संशोधन से संबंधित अध्यादेश राष्ट्रपति के पास भेजा था। इसे राष्ट्रपति कार्यालय पहुंचे करीब तीन सप्ताह हो चुके हैं, लेकिन अब तक इसे जारी नहीं किया गया है। प्रेस की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के अधिकार से जुड़े गंभीर सवालों के कारण राष्ट्रपति कार्यालय इस पर फैसला लेने से पहले कानूनी और संवैधानिक पहलुओं का अध्ययन कर रहा है।

इस अध्यादेश के संभावित प्रावधानों को लेकर नेपाल पत्रकार महासंघ समेत विभिन्न पत्रकार संगठनों और संबंधित पक्षों ने राष्ट्रपति से अपनी चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि अध्यादेश से अभिव्यक्ति और प्रेस की स्वतंत्रता सीमित हो सकती है।

राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक, मौलिक अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संसद में चर्चा और विधायी प्रक्रिया के बजाय अध्यादेश के जरिए कानून लाने की कोशिश को गंभीरता से देखा जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि अध्यादेश का अध्ययन किया जा रहा है।

प्रेस काउंसिल एक्ट संशोधन अध्यादेश के अलावा दो अन्य अध्यादेश भी राष्ट्रपति कार्यालय में विचाराधीन हैं। इनमें संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन सहित कुछ नेपाल कानूनों में संशोधन से संबंधित अध्यादेश और जेनजी आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की जांच, मुआवजा तथा परिपूरण आयोग के गठन से संबंधित अध्यादेश शामिल हैं।

हालांकि, सरकार ने इन तीनों अध्यादेशों का विस्तृत विवरण और जिन कानूनों में संशोधन प्रस्तावित है, उनकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

आठ महीने में संसद से 12 कानून, अध्यादेश से 155 कानूनों में बदलाव

संसदीय रिकॉर्ड के अनुसार, आरएसपी नेतृत्व की सरकार बनने के बाद संघीय संसद ने कुल 12 कानून पारित किए हैं। इनमें अध्यादेशों को प्रतिस्थापित करने वाले विधेयक, सामान्य विधेयक और बजट से संबंधित कानून शामिल हैं। दूसरी ओर, इसी अवधि में सरकार ने 13 अध्यादेश जारी किए हैं।

संसद से पारित 12 कानूनों में छह ऐसे हैं, जिनके जरिए पहले अध्यादेश के माध्यम से किए गए संशोधनों को विधायी मान्यता दी गई। इनमें सार्वजनिक खरीद, संपत्ति शुद्धीकरण, सहकारी क्षेत्र और स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान से संबंधित कानून शामिल हैं।

बाकी छह कानूनों में तीन बजट से संबंधित हैं। इनमें विनियोजन ऐन, राष्ट्र ऋण उठाने ऐन और आर्थिक ऐन शामिल हैं। शेष तीन विषयगत कानूनों में राष्ट्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला की स्थापना एवं संचालन, वैकल्पिक विकास वित्त परिचालन और नेपाल विशेष सेवा ऐन के पुराने प्रावधानों को पुनर्जीवित करने से संबंधित कानून शामिल हैं।

इनमें से दो विधेयक पिछली सरकारों के कार्यकाल में संसद में पेश किए गए थे, जिन्हें वर्तमान सरकार ने आगे बढ़ाकर कानून का रूप दिया। इस तरह वर्तमान सरकार की अपनी पहल पर तैयार होकर संसद से पारित होने वाले विषयगत कानूनों की संख्या काफी सीमित दिखाई देती है।

वर्तमान सरकार के आठ महीने के कार्यकाल में जारी 13 अध्यादेशों के माध्यम से कुल 155 मौजूदा कानूनों में संशोधन किया गया है। कुछ नए कानूनी प्रावधान भी अध्यादेश के जरिए लाए गए हैं।

बरसात के अधिवेशन से पहले सरकार ने आठ अध्यादेश जारी किए थे। इनमें कुछ नेपाल कानून संशोधन अध्यादेश, सार्वजनिक पदाधिकारियों को पदमुक्त करने संबंधी विशेष व्यवस्था अध्यादेश, सार्वजनिक खरीद संशोधन अध्यादेश, विश्वविद्यालय संबंधी अध्यादेश, स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान संबंधी अध्यादेश, संपत्ति शुद्धीकरण संशोधन अध्यादेश, सहकारी संशोधन अध्यादेश और संवैधानिक परिषद संबंधी अध्यादेश शामिल थे।

इनमें सार्वजनिक पदाधिकारियों को पदमुक्त करने संबंधी अध्यादेश सबसे अधिक विवादास्पद रहा। इस अध्यादेश ने 24 कानूनों में संशोधन करने के साथ ही 77 कानूनों की विभिन्न धाराओं को समाप्त कर दिया था। इस तरह अकेले एक अध्यादेश से 101 कानून प्रभावित हुए थे।

इसके तहत 2 मार्च 2026 से पहले सार्वजनिक निकायों में नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति की शर्त, सुविधा और कार्यकाल की परवाह किए बिना पदमुक्त करने का प्रावधान किया गया था। इसके परिणामस्वरूप 1,500 से अधिक सार्वजनिक पदाधिकारी अपने पद से हटाए गए थे।

बाद में इस अध्यादेश से निष्क्रिय किए गए कानूनी प्रावधानों को दोबारा लागू करने के लिए प्रधानमंत्री शाह ने 5 अक्टूबर 2026 को संसद में विधेयक पंजीकृत कराया। हालांकि, यह विधेयक अभी संसद से पारित नहीं हुआ है। बरसात के अधिवेशन से पहले जारी आठ अध्यादेशों में से चार को प्रतिस्थापन विधेयक के जरिए कानून बनाया गया, जबकि बाकी चार को कानूनी मान्यता नहीं मिल सकी।

16 अक्टूबर 2026 को संसद का बरसात अधिवेशन समाप्त होने के बाद सरकार ने आठ और अध्यादेश जारी करने की सिफारिश राष्ट्रपति से की थी। इनमें से पांच अध्यादेश जारी हो चुके हैं। विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, वन, भूमि और आपदा से संबंधित कानूनों में संशोधन करने वाले इन अध्यादेशों से 10 मौजूदा कानूनों में बदलाव किया गया और एक नया कानून भी बनाया गया।बाकी तीन अध्यादेश अभी राष्ट्रपति कार्यालय में विचाराधीन हैं।

नेपाल के संविधान के अनुसार, संसद का अधिवेशन नहीं चलने की स्थिति में सरकार अध्यादेश ला सकती है। लेकिन संसद का अधिवेशन शुरू होने के बाद ऐसे अध्यादेश दोनों सदनों में पेश करना अनिवार्य होता है। अधिवेशन शुरू होने के 60 दिनों के भीतर इन्हें प्रतिस्थापन विधेयक के माध्यम से कानून का रूप देना होता है। ऐसा नहीं होने पर अध्यादेश स्वतः निष्क्रिय हो जाते हैं और उनके जरिए किए गए कानूनी बदलाव भी प्रभावहीन हो जाते हैं।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि संसद में मजबूत बहुमत होने के बावजूद सरकार कानून बनाने के लिए बार-बार अध्यादेश का रास्ता क्यों अपना रही है?

संविधानविद् भीमार्जुन आचार्य का कहना है कि संसद में सरकार के पास मजबूत बहुमत होने के बावजूद अध्यादेश के जरिए कानून बनाने की प्रवृत्ति सवाल खड़े करती है।

उनके मुताबिक, आरएसपी के पास संसदीय इतिहास में सबसे अनुकूल बहुमत में से एक है। ऐसे में सरकार आसानी से संसद के जरिए कानून बना सकती है।

आचार्य कहते हैं कि विपक्ष में रहते हुए आरएसपी ने अध्यादेशों के गलत इस्तेमाल और संसद को दरकिनार करने की प्रवृत्ति पर जो सवाल उठाए थे, वे उचित थे। लेकिन सत्ता में आने के बाद उसी तरह की कार्यशैली अपनाना उसकी दोहरी नीति को उजागर करता है।

उनका कहना है कि पहले गठबंधन सरकारों के पास संसद में पर्याप्त समर्थन नहीं होने की आशंका के कारण अध्यादेश लाने की प्रवृत्ति देखी जाती थी। कई बार राजनीतिक लाभ के लिए भी अध्यादेशों का इस्तेमाल किया गया।

लेकिन अब करीब दो-तिहाई बहुमत वाली एकल सरकार होने के बावजूद अध्यादेशों का सहारा लेना समझ से परे है। आचार्य सवाल करते हैं कि जब सरकार के पास संसद से कानून पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या है, तो फिर कार्यपालिका को संसदीय प्रक्रिया से बाधा आने का डर क्यों है?

हालांकि, आरएसपी के सचेतक प्रकाशचन्द्र परियार सरकार के इस कदम का बचाव करते हैं। उनका कहना है कि संसद का नियमित अधिवेशन नहीं होने की स्थिति में अध्यादेश लाने का संवैधानिक प्रावधान मौजूद है।

परियार के मुताबिक, अतीत में संविधान में निर्धारित समयसीमा के भीतर कानून नहीं बनाए जाने के कारण नागरिकों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कानूनी व्यवस्था की कमी के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जन अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम देने, भ्रष्टाचार नियंत्रण, प्रशासनिक सुधार, संस्थागत पुनर्संरचना और विकास निर्माण को गति देने के उद्देश्य से अध्यादेशों का रास्ता अपनाया है।

हालांकि, परियार यह भी स्वीकार करते हैं कि सरकार के अध्यादेशों पर निर्भर रहने को लेकर नकारात्मक धारणा बनने से पहले संसद को ही कानून निर्माण का मुख्य मंच बनाया जाना चाहिए।

इस पूरे घटनाक्रम ने नेपाल में कानून निर्माण की प्रक्रिया, संसद की भूमिका और अध्यादेशों के संवैधानिक इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब सरकार के पास संसद में मजबूत बहुमत है, तो फिर कानून बनाने के लिए संसद की बजाय अध्यादेशों पर निर्भरता क्यों बढ़ रही है।