ग्रामीणों की शिकायत पर जागा विभाग, घर-घर जाकर लिए पानी के सैंपल

चंपावत, 23 फरवरी (हि.स.)। लोहाघाट की सुई लिफ्ट पेयजल योजना में ग्रामीणों ने दूषित पेयजल आपूर्ति के आरोप जल संस्थान पर लगाए थे तथा लंबे समय से ग्रामीण जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन कर पेयजल लाइन बदलने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर आखिर जल संस्थान हरकत में आया और जल संस्थान कर्मचारियों ने घर-घर जाकर पानी के सैंपल लिए तथा लोगों को साफ पानी देने का भरोसा दिया।

गांव के ग्रामीणों ने पेयजल योजना बनने के बाद से ही दूषित और लाल पानी आने की शिकायत की थी। ग्रामीणों ने कहा कि दूषित पेयजल की वजह से गांव में बच्चे पीलिया और टाइफाइड की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि जल संस्थान के द्वारा डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनी नई पेयजल लाइन में घटिया पाइप लगा दी, जिस कारण योजना में दूषित गंदा पानी आ रहा है।

जल संस्थान के अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि पानी के सैंपल लिए गए हैं। योजना का अभी परीक्षण चल रहा है। धीरे-धीरे पानी की गुणवत्ता में सुधार आ रहा है तथा विभाग पेयजल आपूर्ति में पूरी सावधानी बरत रहा है और लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है।