नशे की पूर्ति के लिए लूट की घटना को दिया अंजाम, दो गिरफ्तार

देहरादून, 23 फरवरी (हि.स.)। बिहार से आकर देहरादून में रह रहे एक युवक व एक किशोर ने नशे की पूर्ति के लिए तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपितों को पकड़ लिया।

कुलदीप सिंह पुत्र धर्म सिंह निवासी ग्राम हेतलपुर सरसावा, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) हाल पता मंदाकिनी विहार, रायपुर देहरादून ने 22 फरवरी को थाना रायपुर में तहरीर दी। उसने बताया कि रायपुर क्षेत्रांतर्गत ओम धर्मकांटा किसान डेयरी सहस्त्रधारा रोड के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसे तमंचा दिखाकर उसका फोन व पांच हजार रुपये लूट लिये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच में शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। इस बीच मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को सहस्त्रधारा रोड मुख्य मार्ग से पालीटेक्निक की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपित विक्रम सिंह (19) पुत्र नागेंद्र निवासी थाना झाले जिला दरभंगा बिहार हाल पता राजीव नगर कंडोली रायपुर देहरादून व विधि विवादित किशोर को गिरफ्तार किया। इनके पास से तंमचा, कारतूस, लूटी गई धनराशि, मोबाइल व मोटरसाइकिल बरामद किया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह दोनों नशे के आदी हैं। नशे की पूर्ति के लिए उक्त घटना को अंजाम दिया था।