अनिल बलूनी के समर्थन में मुख्यमंत्री धामी ने निकाला रोड शो

देहरादून, 29 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को थराली (चमोली) में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी के समर्थन में रोड शो निकाला।

रोड शो में फूल-माला और भाजपा झंडा से सजे वाहन पर सवार मुख्यमंत्री ने लोगों से समर्थन मांगा। वहीं कार्यकर्ता भाजपा का झंडा लहराते गगनभेदी नारे लगाते चल रहे थे। थराली में आयोजित जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ जमकर नारे भी लगाए। जय श्रीराम और भारत माता की जयघोष से पूरा जनसभा स्थल गूंज उठा। अबकी बार 400 पार… नारा भी लगाए।