-एंटी नारकोटिक्स की टास्क फोर्स और पुलिस की छापेमारी में मिली गांजा की बड़ी खेप
हमीरपुर, 14 मार्च (हि.स.)। जिले में पौने चार करोड़ रुपये की गांजा की बरामदगी के बाद गुरुवार को पुलिस ने दो तस्करों को जेल भेजा है। गांजा की बड़ी खेप नारकोटिक्स की टास्क फोर्स टीम ने छापेमारी कर पकड़ी थी। अवैध गांजा की इतनी बड़ी खेप के साथ अभियुक्तों की गिरफ्तारी होने से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
जनपद का मौदहा क्षेत्र गांजा की तस्करी का मुख्य गढ़ बन गया है। उड़ीसा, तेलंगाना से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के रास्ते यहां गांजे की खेप लाकर तस्करी करने का खेल काफी समय से चल रहा है। गांजा की बड़ी खेप इस क्षेत्र में लाए जाने की कही से सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक्स टास्कफोर्स झांसी के उपनिरीक्षक चंदन पाण्डेय के नेतृत्व में एसआई विनोद कुमार, हेड कान्सटेबिल अनूप कुमार, हेड कान्सटेबिल रामनरेश सिंह, कान्सटेबिल प्रदीप कुमार, कान्सटेबिल रवीन्द्र कुमार व कान्सटेबिल नीरज टीम के साथ मौदहा कोतवाली आए। टीम ने मौदहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामआसरे सरोज, एसआई प्रेम प्रकाश पाण्डेय, कान्सटेबिल विनोद कुमार, कान्सटेबिल राहुल पाठक व कान्सटेबिल हरीकृष्ण के साथ छिरका गांव में हरिनारायण मिश्रा उर्फ बिक्की मिश्रा के नलकूप पर छापेमारी की।
नारकोटिक्स की टास्कफोर्स टीम ने नलकूप के एक कमरे मं छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद कर हरिनारायण मिश्रा व कृष्ण कुमार यादव उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया। एसपी डाँ.दीक्षा शर्मा ने गुरुवार को बताया कि गांजा की बड़ी खेप एंटी नारकोटिक्स की टास्कफोर्स टीम झांसी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर पकड़ी है। मौके से दो तस्कर पकड़े गए हैं। दोनों को आज जेल भेजा गया है। बता दे कि कुछ साल पहले मौदहा कोतवाली क्षेत्र में अवैध गांजा से भरा एक कंटेनर पुलिस ने पकड़ा था। जबकि बिंवार क्षेत्र में गांजा की बड़ी खेप के साथ कई तस्कर पकड़े गए थे।
छापेमारी में साढ़े सात क्विंटल गांजा देख दंग रह गई टीम
एंटी नारकोटिक्स की टास्कफोर्स की टीम ने छापेमारी में साढ़े सात क्विंटल से अधिक गांजा देख दंग रह गई। बोरों में रखे गए गांजा की तौल कराई गई तो यह 7 क्विवंटल 53 किलो निकला। मौदहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामआसरे सरोज ने बताया कि बरामद गांजा की कीमत पौने चार करोड़ रुपये है। तस्करों ने गांजा की इतनी बड़ी खेप तस्करी करने के लिए गांव के बाहर खेल में बने नलकूप के कमरे में छिपाकर रखी थी।
गांजा के तस्करों के खिलाफ बांदा व महोबा में दर्ज हैं मामले
मौदहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामआसरे सरोज ने बताया कि पौने चार करोड़ रुपये मूल्य के गांजा के साथ गिरफ्तार हरिनारायण मिश्रा व कृष्ण कुमार यादव के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। बताया कि हरिनारायण के खिलाफ वर्ष 2021 में बांदा में नारकोटिक्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ था जबकि कृष्ण कुमार यादव के खिलाफ भी महोबा जिले के श्रीनगर थाने में नारकोटिक्स एक्ट का मामला पिछले साल दर्ज हुआ है।