कन्नौज, 02 मई (हि.स.)। सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर जेवां टोल प्लाजा के पास भाजपा के प्रचार रथ को देख रहे युवक पर सपाइयों ने हमला कर दिया। लात-घूसों से उसकी जमकर पिटाई की। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर पीड़ित युवक ने 11 लोगों को नामजद करते हुए 51 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
बता दें कि इत्र नगरी कन्नौज में भारतीय जनता पार्टी का एक प्रचार रथ सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर जेवां टोल प्लाजा के पास खड़ा था। उसमें लगी बड़ी स्क्रीन पर भाजपा सरकार की योजनाओं का प्रचार हो रहा था। वह प्रचार वहां खड़े होकर भुलभुलियापुर गांव निवासी मोहित यादव देख रहा था। तभी कुछ गाड़ियां आकर वहां रुकीं और कार सवार लोगों ने मोहित को पकड़ कर पिटाई कर दी। लात-घूंसों से उसे जमकर पीटा। मारपीट का वीडियो वहां खड़े किसी ने शख्स ने बना लिया और वायरल कर दिया। घटना को लेकर पीड़ित मोहित यादव ने सपा नेता नवाब सिंह यादव समेत 11 नामजद और 40 अज्ञात समेत कुल 51 लोगों के खिलाफ तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाल ने बताया कि भाजपा समर्थक के साथ मारपीट करने के आरोप में सपा नेता नवाब सिंह यादव, संजू दुबे, दीपक यादव, रजनीकांत पाल, वीरपाल, उदयवीर, देवराज यादव, धर्मवीर, दीपू यादव उर्फ कलेसी, कमलकांत कटियार, दुर्गेश कटियार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके अलावा 40 अज्ञात लोग भी शामिल किए गए हैं। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।