युवती को आत्महत्या के लिये मजबूर करने के आरोपित को पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार, 04 मई (हि.स.)। पुलिस ने एक युवती को ब्लैकमेल कर उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपित को गिरफ्तार किया है।

इस मामले में नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाई सोता निवासी एक व्यक्ति ने एक युवक पर अपनी पुत्री को परेशान करने, ब्लैकमेल करने और मानसिक अवसाद में आकर पुत्री की आत्महत्या कर लेने के सम्बन्ध में 18 अप्रैल को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित को ईमली खेड़ा रोड स्थित धूना मन्दिर सुखी नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का नाम व पता रोहन पुत्र सुमित उर्फ सोली निवासी जनता रोड बाल्मिकी बस्ती थाना कोतवाली सिटी सहारनपुर यूपी बताया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।