नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। उद्योग जगत ने गुरुवार को केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मंत्री निर्मला सीतारमण से बजट में आम लोगों पर कर का बोझ कम करने, पूंजीगत व्यय जारी रखने और खाद्य वस्तुओं की महंगाई को काबू में लाने के लिए उपाय करने का आग्रह किया है।
वित्त मंत्रालय ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी एक बयान में कहा कि केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में आम बजट पेश होने से पहले तीसरी परामर्श बैठक की। सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी आम बजट 2024-25 के संबंध में आम बजट से पहले परामर्श बैठक में उद्योग प्रमुखों और संगठनों ने सरकार से आर्थिक वृद्धि की गति बनाये रखने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास पर अधिक ध्यान केंद्रित करने का भी आग्रह किया।
मंत्रालय के मुताबिक आगामी आम बजट 2024-25 को लेकर उद्योग प्रमुखों और संगठनों के साथ तीसरे बजट-पूर्व परामर्श बैठक में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, वित्त सचिव और व्यय विभाग के सचिव, आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव, उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) सचिव, भारी उद्योग मंत्रालय के सचिव, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई मंत्रालय) के सचिव और भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार भी शामिल हुए।