अनूपपुर: मानसून की दस्तक, तेज हवाओं के साथ आसमान में छाए काले बादल

बरसी बारिश की रिमझिम फुहार, गर्मी से मिली राहत

अनूपपुर, 19 जून (हि.स.)। प्रदेश के साथ अनूपपुर जिले में भीषण गर्मी से अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। प्री-मानसून बारिश से कुछ हद तक राहत मिली है। बुधवार को दोपहर 3:30 बजे से लगातार झमाझम बरसात का दौर जारी है पिछले एक सप्ताह से आसमान में बादलों का डेरा था, लेकिन आसमान से बरसात हो नहीं रही थी लेकिन बुधवार को अचानक 3:30 पर जैसे ही बादलों ने बरसना शुरू किया तो लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और मानसून के आगमन में अनूपपुर में दोपहर 3.30 बजे आसमान में काले बादलों की उमड़ धूमड़ के बाद हवाओं के साथ रिमझिम बारिश आरंभ हुई जो शाम तक लगातार जारी है। इस दौरान हवाओं से शहर की बिजली गुल हो गई। लेकिन बारिश की सराबोर में मौसम सुहाना हो गया। वहीं दिन तापमान में भी नरमी पाई गई, जहां दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री तो न्यूंनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बताया जाता है कि यह बारिश जिला मुख्या लय सहित जैतहरी, दैखल, भालूमाड़ा सहित आसपास के क्षेत्र में प्रभावी रहा। हालांकि आज अमरकंटक और राजेन्द्र ग्राम के क्षेत्र बारिश की बूंदों से अछूता रहा। वहीं अमरकंटक में मंगलवार को हुई बारिश से नागरिकों ने गर्मी से राहत महसूस किया था।