ट्रक ने मारी बाइक में टक्कर, महिला की मौत, जुड़वा बेटियां और पति घायल

फिरोजाबाद, 6 जून (हि.स.)। थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत गुरुवार को ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि जुड़वा बेटियां और पति घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। अधिकारियों ने समझाकर शांत किया। इसके बाद यातायात शुरू हुआ।

मामला बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव का है। गांव निवासी अजय कुमार की ससुराल नगला सिंघी थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव में है। वह अपनी पत्नी मीना देवी (32) और दो जुड़वा बेटियों के साथ बीमार सास राममाला देवी को देखने जा रहा था। गार्डन-भीकनपुर बझेरा गांव के बीच टूंडला की ओर से बाजिदपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद चारों उछलकर दूर गिरे। पत्नी मीना ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दोनों बेटियां और अजय घायल हो गए।

हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आरोपी चालक ट्रक खड़ा करके भाग निकला। लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। जानकारी मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। वह मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। एसडीएम शिवध्यान पांडेय, सीओ अनिवेश कुमार व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने परिजन को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद जाम खुलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।