सुकेश चंद्रशेखर की याचिका पर सुनवाई से जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद अलग हुए

सुकेश चंद्रशेखर की याचिका पर सुनवाई से जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद अलग हुए

नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद ने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की ठगी समेत दूसरे मामलों के आरोपित सुकेश चंद्रशेखर की जेल में अपने वकीलों से अतिरिक्त मुलाकात करने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। ने इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया।

सुकेश चंद्रशेखर ने याचिका में मांग की है कि उसे अपने वकीलों से हफ्ते में पांच मीटिंग करने की इजाजत दी जाए। सुकेश ने कहा है कि जेल नियमों के मुताबिक हफ्ते में वकील से केवल दो मुलाकात का प्रावधान है। सुकेश चंद्रशेखर ने अरविंद केजरीवाल को अपने वकील से ज्यादा मुलाकात की अनुमति देने के हाई कोर्ट के फैसले का जिक्र किया है। सुकेश की ओऱ से पेश वकील अनंत मलिक ने कहा कि सुकेश के खिलाफ कई मामले चल रहे हैं जो विभिन्न कोर्ट में लंबित हैं। उन्होंने कहा कि हफ्ते में अपने वकील से केवल दो मीटिंग उसके लिए अपर्याप्त हैं। याचिका में कहा गया है कि सुकेश जेल में एकांतवास में रहता है जिससे वो अवसादग्रस्त हो जाता है। ऐसे में उसे अपने वकील से ज्यादा मीटिंग की जरूरत है ताकि वो जरूरी बातें कर सके।

सुकेश के खिलाफ रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिवेंद्र सिंह की पत्नी अदिति सिंह से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की ठगी और एआईएडीएमके सिंबल मामले में निर्वाचन आयोग को रिश्वत देने की कोशिश का मामला भी चल रहा है। इसके अलावा सुकेश के खिलाफ रेलिगेयर एंटरप्राइजेज लिमिटेड के पूर्व प्रमोटर मलविंदर सिंह की पत्नी जपना सिंह से 3.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजय