मतदान केन्द्रों के बाहर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, वेबकास्टिंग की होगी पुख्ता व्यवस्था

मतदान केन्द्रों के बाहर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, वेबकास्टिंग की होगी पुख्ता व्यवस्था

फतेहाबाद, 17 सितंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर स्वतंत्र, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से चुनाव संपन्न करवाने के लिए चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर गठित एसएसटी, वीएसटी व एफएसटी टीम सहित अन्य नोडल अधिकारियों की टीम के सदस्यों की बैठक लेते हुए समान्य पर्यवेक्षक जगदीशा केजी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंगलवार को हुई इस बैठक में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर ने विस्तार से जिला प्रशासन की ओर से की जा रही गतिविधियों से अवगत कराया। इस अवसर पर खर्च पर्यवेक्षक सुधाकर शुक्ला, पुलिस पर्यवेक्षक एसआर हरिप्रसाद और पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने भी चुनाव बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक जगदीशा केजी ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाना ही भारत निर्वाचन आयोग का एकमात्र लक्ष्य है। विधानसभा चुनाव के दौरान ये सुनिश्चित होना चाहिए कि किसी मतदाता को प्रलोभन तो नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने की प्रक्रिया में नियुक्त अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि जिला में आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन तो नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस संबंध में कोई शिकायत आती है तो उसका निपटारा तय समय अवधि में किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार के लिए लगाए जाने वाले पोस्टर और बैनर इत्यादि की पूर्व अनुमति अवश्य ली जानी चाहिए।

पर्यवेक्षक ने कहा कि मतदान के दिन मतदान केन्द्रों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके साथ ही मतदान केन्द्रों की वेबकास्टिंग की भी पुख्ता व्यवस्था हो। मतदान के संबंध में शिकायतों के निराकरण हेतु सी-विजिल एप का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। इसके साथ ही प्राप्त शिकायत का निराकरण 100 मिनट में करें। जिलों में अधिक से अधिक आदर्श मतदान केन्द्र बनाने के विशेष प्रयास किये जाएं। एसएसटी, वीएसटी व एफएसटी व अन्य टीम विधानसभा आम चुनाव के दौरान गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि एसएसटी टीम सभी नाके एक्टिव करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सबसे जरूरी है कि अपनी ड्यूटी भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुरूप करें और ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना के लिए अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी करें।