फतेहाबाद : एसीएस ने अधिकारियों के साथ नई अनाज मंडी का किया दौरा

फतेहाबाद : एसीएस ने अधिकारियों के साथ नई अनाज मंडी का किया दौरा

फतेहाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं जिला के प्रभारी अधिकारी विनीत गर्ग ने जिला के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि जिला की सभी मंडियों में धान की खरीद सरकार की निर्धारित नियमों के अनुसार खरीदी जाए और किसानों को खरीदी गई फसल का भुगतान निर्धारित समयावधि में किया जाए। किसान और व्यापारियों को धान खरीद में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

एसीएस विनीत गर्ग भूना रोड स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में शुक्रवार को जिला के अधिकारियों और खरीद एजेंसी के प्रबंधकों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। इसके उपरांत उन्होंने फतेहाबाद की नई अतिरिक्त अनाज मंडी का दौरा किया और धान खरीद कार्यों का अवलोकन किया। दौरे के दौरान उन्होंने आढ़तियों, किसानों की समस्याओं को भी ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने जिला में फसल खरीद से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा करते हुए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज जानकारी, किसानों की सुविधा के लिए मंडीवार इंतजामों, खरीद एजेंसी की तैयारियों, फसल की आवक व उठान तथा किसानों को फसल के भुगतान आदि से संबंधित विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मंडी में धान लेकर आने वाले किसानों को सरकार की हिदायतों के अनुसार तय समय सीमा के भीतर भुगतान किया जाए। साथ ही मंडी में खरीद के साथ उठान के कार्य को भी तेज किया जाए। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी अनाज मंडी की समय-समय पर चैकिंग करने के निर्देश दिए। किसी भी आढती व किसान को फसल बेचने के कार्य में दिक्कत न आए, इसके लिए सभी पुख्ता प्रबंध करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों को पराली प्रबंधन के लिए जागरूक करें और पराली प्रबंधन करने वाले किसानों को सरकार की ओर से दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी जानकारी दें।

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक के दौरान एडीसी राहुल मोदी सहित अन्य अधिकारियों ने एसीएस को जिला प्रशासन द्वारा जिला में धान व अन्य फसलों के खरीद के बारे में किए गए प्रबंधों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी और खरीदी गई फसल का भुगतान भी किसानों को समय पर किया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम डॉ. जयवीर यादव, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीएफएससी विनीत जैन, डीडीए डॉ. राजेश सिहाग, डीएम हैफेड राजेश हुड्डा, डीएम एचडब्ल्सूसी सुमित सहित सभी मार्किट कमेटी के सचिव आदि मौजूद रहे।