वन नेशन वन कार्ड का ईकेवाईसी अब 31 अक्टूबर तक

वन नेशन वन कार्ड का ईकेवाईसी अब 31 अक्टूबर तक

जगदलपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। वन नेशन वन कार्ड के तहत होने वाले ई केवाईसी को लेकर शासन ने अब 31 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। सरकारी राशन दुकानों में राशन की कालाबाजारी को रोकने के लिए और हर परिवार को शासन की योजना के तहत निर्धारित मात्रा में समय पर राशन मिले इसके लिए राशनकार्ड का केवाईसी कराने का नियम लागू किया है। फरवरी 2022 से लागू इस नियम के तहत अब तक करीब 6 से अधिक बार ई केवाईसी की सीमा बढ़ाई गई है। बावजूद अब भी जिले के एक लाख 65 हजार से अधिक हितग्राहियों ने ई केवाईसी नहीं कराया है। ईकेवाईसी कराने के लिए अब केवल 12 दिन का समय बचा हुआ है, लेकिन इसका कोई असर अब भी दिखाई नहीं दे रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ई केवाईसी कराने के लिए राशन कार्डधारियों को 485 राशन दुकानों में ई केवाईसी कराने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा अब डोर टू डोर अभियान के तहत तय समय में इस काम को पूरा करने की कोशिश की जा रही है। बावजूद इसके राशन कार्डधारी आगे नहीं आ रहे हैं। खाद्य नियंत्रक जीएस राठौर ने बताया कि ई केवाईसी कराने के लिए 31 अक्टूबर तक का समय राशन कार्ड धारियों को दिया है। उन्होंने कहा कि राशन कार्डधारियों व सभी सदस्यों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निकट की राशन दुकान में राशनकार्ड एवं आधार कार्ड की फोटो कॉपी ले जाकर नवीनीकरण कराने की सुविधा दी गई है।

—————