आमजन की समस्याओं के समाधान में कोताही नहीं, जल्द हो निस्तारण : जिला कलक्टर

आमजन की समस्याओं के समाधान में कोताही नहीं, जल्द हो निस्तारण : जिला कलक्टर

जोधपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरते, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी समस्याओं का उचित समयबद्ध त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। जिससे अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं का समाधान कर राहत पहुंचाई जा सके अन्यथा संबधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में विभिन्न विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों, वीआईपी प्रकरणों, सम्पर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों, विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरण, कोर्ट केसेज, अंतर्विभागीय मुद्दों सहित अन्य मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को लंबे समय से लंबित प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखें कि उनके विभाग से संबंधित कोई भी प्रकरण अधिक लंबे समय तक लंबित न रहे। साथ ही, सभी विभाग आपसी समन्वय से अंतर्विभागीय मुद्दों को निपटाकर कार्य में प्रगति लाना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अग्रवाल ने दोनों नगर निगम, जोधपुर विकास प्राधिकरण, आरयूआईडीपी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ शहर की सडक़ों की स्थिति, करवाएं जा रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्य, मल्टी स्टोरी बिल्डिंग, मॉक की पार्किंग व परमिशन,सरकारी एवं निजी अस्पतालों की पार्किंग व्यवस्था एवं उनके विरुद्ध की जा रही नियमानुसार कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही, इस दौरान जिला पैरोल समिति एवं नशा मुक्ति भारत अभियान की भी बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपखंड अधिकारी आईएएस रवि कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय सुरेन्द्र सिंह पुरोहित सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।