खूंटी जिला निर्वाची पदाधिकारी ने लिया मतगणना की तैयारियों का जायजा

खूंटी जिला निर्वाची पदाधिकारी ने लिया मतगणना की तैयारियों का जायजा

खूंटी, 20 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विघानसभा चुनाव के प्रथम चरण में हुए 59 तोरपा और 60 खूंटी विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान के मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। इसकी सभी तैयारियां जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। मतगणना को लेकर बिरसा कॉलेज, खूंटी में बनाए गए मतगणना केंद्र में आवश्यक तैयारियों का बुधवार को जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने जायजा लिया।

जिला निर्वाची पदाधिकारी ने मतगणना केंद्र में की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करान के लिए मतगणना कक्ष का निरीक्षण करते हुए विभिन्न तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतगणना कक्षों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, केंद्र में सीसीटीवी की सक्रियता सुनिश्चित करने, मीडिया और राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के लिए बैठने समेत अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करने, परिसर में बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर कई निर्देश दिया।

मौके पर जिला निर्वाची पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मतगणना केंद्र पर सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मियों को निष्पक्षता और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान के पश्चात बिरसा कॉलेज खूंटी में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित इवीएम और पोस्टल बैलेट को रखा गया है। 23 नवंबर को मतगणना की तिथि निर्धारित है। जिला निर्वाचन कोषांग की ओर से बिरसा कॉलेज में मतगणना कार्य को लेकर सभी तैयारियां की गई है। खूंटी एवं तोरपा विधानसभा क्षेत्र के मतगणना के लिए 20-20 टेबल इवीएम के लिए और 11-11 टेबल पोस्टल बैलेट के लिए लगाये गये हैं। बताया गया कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 13 राउंड में एवं खूंटी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 15 राउंड में पूरी होगी। 23 नवम्बर को प्रातः आठ बजे से पोस्ट बैलेट से हुए मतदान के मतों की गणना की जायेगी। प्रातः 8.30 बजे से इवीएम से हुए मतदान की मतगणना प्रारंभ होगी।

—————