नगरीय निकाय चुनाव : मतदाताओं में दिखा उत्साह, बलौदाबाजार जिले में 71.31 प्रतिशत मतदान
बलौदाबाजार, 11 फरवरी (हि.स.)। जिले के 8 नगरीय निकाय के 181 मतदान केंद्र में आज मंगलवार को अध्यक्ष व पार्षद पद के निर्वाचन के लिए मतदान हुआ जिसमें युवा, महिला व बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने अपनी सहभागिता निभाई। मतदान केन्द्रों में सुबह से ही मतदान के लिए मतदाताओं की कतार लग गई थी। शाम 5 बजे तक 71.31 प्रतिशत मतदान किया गया।
अंतिम आंकड़े के अनुसार, नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार में 68.42 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद भाटापारा में 66.08 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद सिमगा में 81.73 प्रतिशत, नगर पंचायत पलारी 86.48 में प्रतिशत, नगर पंचायत रोहांसी में 75.25प्रतिशत, नगर पंचायत लवन में 80.44 प्रतिशत, नगर पंचायत कसडोल में 67.40 प्रतिशत एवं नगर पंचायत टुण्डरा में 78.42 प्रतिशत मतदान हुआ।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी ने नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार, नगर पंचायत लवन एवं कसडोल अंतर्गत मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही सभी नगरीय निकायों के रिटर्निंग अधिकारियों से पल- पल क़ी जानकारी लेते रहे। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। जिले के सभी नगरीय निकाय में में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सभी 181 मतदान केंद्रों में मतदान दल में संपूर्ण रूप से महिला अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर की भी व्यवस्था की गई थी और स्कॉउट-गाईड,एनसीसी के बच्चों ने मतदान मित्र के रूप में, तो कहीं पुलिस के जवानों ने सेवा भावना के साथ उनकी मदद क़ी।