जानवर को बचाने के प्रयास में बाइक सवार की मौत

जानवर को बचाने के प्रयास में बाइक सवार की मौत

मीरजापुर, 13 फ़रवरी (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के जयकर कलां गांव स्थित भुकभुकवा झरना के पास एक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार व्यक्ति किसी जानवर को बचाने के प्रयास में पत्थर से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना गुरुवार सुबह राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। जयकर कलां गांव निवासी स्व. कल्लू का पुत्र संजय (36) बुधवार को किसी कार्य से दुबार बाजार गया था। देर रात घर लौटते समय भुकभुकवा झरना के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। जानवर को बचाने के प्रयास में संजय की बाइक वन विभाग द्वारा बनाई गई खखरी (पत्थरों की संरचना) से टकरा गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुबार कलां चौकी पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच में जुट गई।