भाजपा का झंडा हमारी आन-बान-शान और प्रतिष्ठा का प्रतीक: मोहन लाल बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा कार्यालय में लगाया 60 फुट ऊंचा पार्टी का झंडा
चंडीगढ़, 4 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय पंचकमल में 60 फुट ऊंचा पार्टी का झंडा लगाया और कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराया। बड़ौली ने कहा कि पार्टी का झंडा हमारी आन-बान-शान और प्रतिष्ठा का प्रतीक है। इसी ध्वज के नीचे भाजपा के लाखों-करोड़ों कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और लगन से देश व समाज की सेवा में लगे हुए हैं।
इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी संजय आहुजा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नवीन गर्ग सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं, एक विचार है, जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण और जन कल्याण है। पार्टी ने एक विचारधारा के साथ लंबी यात्रा की है, इसी का परिणाम है कि आज देश भर में कमल खिल रहा है और भाजपा का झंडा लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में विकास आधारित राजनीति की नींव भी भाजपा ने रखी है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि मोदी सरकार और नायब सरकार की जनता के हित में जो भी योजनाएं चला रही हैं उन्हें लाभार्थियों तक पहुंचाएं।
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का इतिहास गौरवपूर्ण रहा है। जिन मुद्दों को लेकर पार्टी की स्थापना हुई थी, उन सभी को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि पार्टी की विचारधारा के अनुरूप चलते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।
बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार हर हरियाणवीं के हित में समान भाव से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बिना भेदभाव किए पूरे प्रदेश में विकास कार्य करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति बढ़ रहा है। यही कारण है कि हरियाणा की जनता ने भाजपा सरकार के कार्य और नायब सिंह सैनी की कार्यशैली से प्रभावित होकर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई। बड़ौली ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। दिल्ली विधानसभा चुनाव पर बड़ौली ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को विजयी बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास और तरक्की के लिए 5 अक्टूबर को दिल्ली की जनता पूर्ण बहुमत के साथ कमल का फूल खिलाने जा रही है।
—————