रांची में पांच लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस

रांची में पांच लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस

रांची, 12 फरवरी (हि.स.)। रांची के तमाड़ में बुधवार को अज्ञात तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े पांच लाख रुपये लूट कर फरार हो गये। लूट की वारदात को एसबीआई के सीएससी संचालक के तमाड़ सेंटर पर अंजाम दिया गया है।

सीएससी संचालक शिवचरण महतो ने बताया कि वह हर दिन की तरह बुधवार को सेंटर खोल कर अंदर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधी उनके सेंटर में आ धमके और आते ही उन्होंने सबसे पहले सेंटर का दरवाजा बंद कर दिया। फिर उनके साथ मारपीट करते हुए काउंटर में रखे करीब पांच लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। शिवचरण ने बताया कि अपराधियों के भागने के बाद वह तुरंत तमाड़ थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की पूरी जानकारी दी, हालांकि जब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंचती तीनों अपराधी फरार हो चुके थे। मामले में शिवचरण के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है। लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है। इसके अलावा रांची-टाटा रोड से गुजरने वाली सभी सड़कों पर चेक पोस्ट स्थापित कर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने सीएससी में लूट की घटना को अंजाम दिया है। जानकारी मिलने पर पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

—————