कर्मियों के बच्चों की स्कूल फीस माफ कराए प्रबंधन : संघ
रांची, 16 फरवरी (हि.स.)।
एचईसी मजदूर संघ की बैठक रविवार को रांची के धुर्वा स्थित क्वार्टर नंबर सीडी 241/3 में सुनील कुमार पांडे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपस्थित एचईसी के कर्मचारी और संघ के सदस्यों ने एचईसी की समस्याओं को लेकर गहन विचार विमर्श किया।
बैठक में संघ के महामंत्री रमा शंकर प्रसाद ने कहा कि एचईसी समय पर वेतन नहीं दे रहा है। इससे कर्मियों की स्थिति काफी दयनीय हो गई है। प्रबंधन पर कर्मियों के 25 माह का वेतन बकाया है।
उन्होंने कहा कि कर्मी अपने बच्चों की स्कूल फीस भी नहीं दे पा रहे हैं। इसके चलते स्कूल से उन्हें बार-बार नोटिस दिया जा रहा है।
मौके पर संघ के अन्य सदस्यों ने कहा कि एचईसी परिसर में जितने भी स्कूल हैं, उनसे प्रबंधन बात कर 100 प्रतिशत फीस माफ कराए।
राज्य के अन्य पीएसयू भी अपने कर्मचारियों को इस तरह की सुविधाएं देते हैं।
साथ ही कहा गया कि कारखाने की सभी मशीनों का अधिक से अधिक उपयोग हो। इस पर निदेशक, उत्पादन से बात करने की जरूरत है। ताकि, ज्यादा से ज्यादा वर्क ऑर्डर आए।
बैठक में रमाशंकर प्रसाद, जीतू लोहरा, सुनील कुमार पांडे, सुनील कुमार, सरोज कुमार, राजेश सोनी, संजय कुमार, मनोज कुमार, उदय शंकर, घनश्याम ठाकुर, अनिल तिवारी, सुधीर कुमार चौधरी और मनोज कुमार समेत संघ के अन्य सदस्य मौजदू थे।
—————