पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा चुनहट वाटर फॉल

पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा चुनहट वाटर फॉल

पलामू, 14 फ़रवरी (हि.स.)।पलामू उपायुक्त शशि रंजन के साथ जिला, अनुमंडल, प्रखंड और अंचल के पदाधिकारी शुक्रवार को रामगढ प्रखंड के सुदूरवर्ती बांसडीह खुर्द पंचायत के कोकाडु (चुनहट) गांव पहुंचे। वहां जनता दरबार लगाकर आमजनों की जन समस्याओं को सुना और उसका निदान किया। वहीं तत्काल निष्पादन योग्य नहीं रहने वाले मामलों को आगामी कुछ दिनों में निराकरण का भरोसा दिया। उपायुक्त सहित अन्य पदाधिकारियों के समक्ष लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखी।

जनता दरबार में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आमजनों ने गांव में बिजली और सड़क संबंधी समस्याओं को दूर करने की मांग की। उपायुक्त ने बिजली विभाग के अभियंता से बात कर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अप्रैल माह तक गांववासियों को निर्वाध बिजली आपूर्ति होने लगेगी। उन्होंने बिजली विभाग के अभियंता को प्राथमिकता के तहत गांव में बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया।

ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र, उलमान 2 को गांव की सीमा क्षेत्र में बनने की बात उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की सीमा क्षेत्र में आंगनबाड़ी का भवन बन रहा है, इसका निर्माण गांव के बीच में कराया जाए, तो बच्चे ज्यादा लाभान्वित होंगे। उपायुक्त ने इसके लिए भरोसा दिया और कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र उनके गांव के बीच में बनाए जाएंगे।

ग्रामीणों की मांग पर उपायुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को नशा छोड़ने की अपील की। उपायुंक्त ने कहा कि नशा से उनका और उनके परिवार को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नशा से ग्रामीण को ही नुकसान हो रहा है।

जनता दरबार में एक बच्चे के जलने की शिकायत मिली। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को बच्चे को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

ग्रामीणों द्वारा चुनहट वाटर फॉल को विकसित किए जाने की मांग को लेकर उपायुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने करीब तीन किलोमीटर से अधिक दूरी पैदल चलकर चुनहट वॉटर फॉल का दीदार किया। क्षेत्र में सड़क की समस्याओं से अवगत हुए। उपायुक्त ने सड़क निर्माण का भरोसा दिया। पर्यटन के दृष्टिकोण चुनहट वाटर फॉल को विकसित करने एवं यहां पर्यटकीय सुविधा बढ़ाने की बातें कही।

जनता दरबार में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, एनडीसी विक्रम कुमार, चौनपुर के अंचल अधिकारी चंद्रशेखर कुणाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

—————