विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों के सुझाव जरूरी : प्रो जेके किड़ो
-बिरसा कॉलेज खूंटी के मुंडारी विभाग में शिक्षक-छात्र-अभिभावक की वार्षिक बैठक
खूंटी, 17 फ़रवरी (हि.स.)। बिरसा कॉलेज खूंटी के मुंडारी विभाग में शिक्षक छात्र अभिभावक वार्षिक बैठक सोमवार को संपन्न हुई। इस अवसर पर बीए और एमए के विद्यार्थी और उनके अभिभावकों के साथ बिरसा कॉलेज खूंटी की प्राचार्या जीके किड़ोम तथा मुंडारी विभाग के शिक्षक उपस्थित थे।
इस अवसर पर सर्वप्रथम बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया एवं पारंपरिक तरीके से नृत्य संगीत के साथ अभिभावकों का स्वागत किया गया। अभिभावकों को विद्यार्थियों द्वारा चंदन के टीके लगाए गए। तत्पश्चात उन्हें सम्मानपूर्वक मल्टीपरपज हॉल में बैठाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अभिभावकों के स्वागत में विद्यार्थियों द्वारा गोवारी दुरंग एवं स्वागत गीत गाए गए। अभिभावकों का स्वागत करते हुए विभाग की अध्यक्ष सहायक प्राध्यापिका सावित्री कुमारी ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के शैक्षणिक गतिविधियों को जानने के लिए समय-समय पर कॉलेज आने की जरूरत है।
कॉलेज की प्राभारी प्राचार्या जीके किड़ो ने अभिभावक मीटिंग की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों के सुझाव की भी जरूरत है। कॉलेज की गतिविधियों की जानकारी अभिभावकों को होनी चाहिए। इस कार्यक्रम को इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी परंपरा भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में अपना योगदान देने की जरूरत है। अभिभावकों को अपनी पीढ़ी को इसे हस्तांतरित करनी चाहिए। प्राचार्या ने अभिभावकों से कहा कि अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए खेती के साथ-साथ दूसरे कृषि से संबंधित व्यवसाय को भी अपनाने की जरूरत है। मुंडारी विभाग के सहायक प्राध्यापिका इंदिरा कोनगाड़ी ने नई शिक्षा नीति और पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। सहायक प्रोफेसर काली मुंडू ने शिक्षा और रोजगार पर प्रकाश डाला। सहायक प्रोफेसर वासुदेव हास्सा और नागपुरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ कॉनेलियुस मिंज ने भी अपने विचार रखें। अभिभावकों में साहू हांसदा गाबोर मुंडू एवं एस. एस. स्कूल की भूतपूर्व प्रधानाध्यापिका रानी टूटी ने भी अपने विचार रखें। इस कार्यक्रम में नागपुरी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. अंजूलता कुमारी, सुनीता टोप्पो और मुण्डारी विभाग के सैकड़ो विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सिजरेन सुरीन ने किया।
—————