जल शक्ति अभियान : फतेहाबाद जिला में दो दिन में बनाए गए 100 सोखते गड्ढे
फतेहाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। विश्व जल दिवस पर पंचकूला में शनिवार काे जल शक्ति अभियान: कैच दी रेन 2025 जल संचय जन भागीदारी, जन जागरूकता की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। जिले के गांव रहनखेड़ी में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जहां पर उपस्थित अधिकारियों व ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम को देखा।
फतेहाबाद जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि जल शक्ति अभियान 2025 के तहत जिला में दो दिनों में 100 के करीब सोखते गड्ढे बनाए गए है। खंड भट्टू में 11, खंड भूना में 12, खंड फतेहाबाद में 15, खंड जाखल में 16, खंड नागपुर में 15, खंड रतिया में 16 तथा खंड टोहाना में 15 सोखते गड्ढे बनाए गए है। उन्होंने बताया कि जिला में भूजल के गिरते जल स्तर को बचाना होगा, इसलिए जिला प्रशासन द्वारा वाटर रिचार्ज के प्रयास किए जा रहे हैं। जल शक्ति अभियान 2025 के तहत गांवों का पानी गांव में तथा खेतों का पानी खेत में संचय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिला में संबंधित विभागों के सहयोग से सोखते गड्ढे बनाए जा रहे हैं ताकि भूमि के गिरते जल स्तर को सुधारा जा सके।