फतेहाबाद : नशा और चोरियां रोकने के लिए पुलिस ने जाखल क्षेत्र में चलाया विशेष सर्च अभियान

फतेहाबाद : नशा और चोरियां रोकने के लिए पुलिस ने जाखल क्षेत्र में चलाया विशेष सर्च अभियान

फतेहाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। जिले में पंजाब सीमा से सटे जाखल क्षेत्र में नशा तस्करी और चोरी की घटनाएं रोकने को लेकर जिला पुलिस द्वारा शनिवार को विशेष सर्च अभियान चलाया गया। टोहाना डीएसपी उमेद सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने जाखल मंडी, बाजीगर बस्ती व गांव चूहडपूर में रहने वाले लोगों को अनैतिक कार्यों से दूर रहने की चेतावनी दी।

अभियान के दौरान संदिग्ध लोगों के घरों में जाकर चैकिंग भी की गई। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि नशा खरीदने-बेचने और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की है। थाना प्रभारी ने कहा कि जो लोग नशा छोडऩा चाहते हैं, पुलिस उनका इलाज करवाने में मदद करेगी। उन्होंने बताया कि नशा बेचने या करने वालों की सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि थाना जाखल क्षैत्र में किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को पनपने नहीं दिया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। राधेश्याम ने कहा कि पिछले कई दिनों से पुलिस द्वारा लगातार नशा तस्करों, सप्लायरों और चोरी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।